Thursday 28 September 2017

(60-62)वीं BPSC (मुख्य) परीक्षा:ट्रेंड-विश्लेषण और रणनीति Part 3 (भारत और बिहार के इतिहास, कला एवं संस्कृति)

 भारत और बिहार का इतिहास, कला एवं संस्कृति: ट्रेंड-विश्लेषण और रणनीति (BPSC)

“भारत और बिहार के इतिहास, कला एवं संस्कृति खंड” सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्न-पत्र का हिस्सा है जहाँ से अबतक 75 अंक के प्रश्न पूछे जाते थे। यह कुल अंकों का 37.5% है। इस आलोक में देखें, तो नए पैटर्न में भी यहाँ से करीब-करीब 115 अंकों के प्रश्न पूछे जाने की संभावना है। इस खंड की तैयारी अपेक्षाकृत कम समय में की जा सकती है, लेकिन इस खंड में बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए तैयारी के साथ-साथ उत्तर-लेखन की रणनीति बदलनी होगी। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि बाज़ार में उपलब्ध तमाम अध्ययन-सामग्रियों में किसी प्रकार की भिन्नता नहीं है, जो छात्रों के लिए चिंता का विषय है। सबसे पहले पिछली पाँच मुख्य परीक्षाओं के दौरान इस खंड से पूछे जाने वाले प्रश्नों के रुझानों पर गौर करें, तो इस खंड को निम्न टॉपिकों में वर्गीकृत किया जा सकता है:
  1.  कला एवं संस्कृति
  2.   बिहार पर औपनिवेशिक शासन का प्रभाव
  3.  जनजातीय विद्रोह और 1857 का विद्रोह
  4.   आधुनिक भारत और बिहार में राष्ट्रीय आन्दोलन
  5.    व्यक्तित्व-आधारित प्रश्न

     भारत एवं बिहार के इतिहास कला एवं संस्कृति खंड से पूछे गए प्रश्न


  (56-59)th         BPSC
(53-55)th BPSC
(48-52)th BPSC
 47th BPSC               
   46th       BPSC           
1.पटना कलम चित्रकारी की प्रमुख विशेषताओं का वर्णन कीजिये.
2.संथाल विद्रोह के मुख्य कारणों का विवरण दीजिये. उनके क्या प्रभाव हुए?
3.बिहार के सन्दर्भ में 1857 की क्रांति के महत्व की आलोचनात्मक विवेचना कीजिये.
4.किसान विद्रोहों के लिए चम्पारण सत्याग्रह के महत्व को स्पष्ट कीजिये.
5.राष्ट्रवाद को परिभाषित कीजिये. रवीन्द्रनाथ टैगोर ने इसे किस प्रकार परिभाषित किया?
6.आधुनिक भारत के निर्माण में नेहरु की भूमिका की समीक्षा कीजिये.

1.मौर्य कला की प्रमुख विशेषताओं की विवेचना कीजिये.
2.“बिरसा आन्दोलन का आधारभूत उद्देश्य था आतंरिक शुद्धिकरण तथा विदेशी शासन की समाप्ति की इच्छा”. स्पष्ट कीजिये.
3.1857 की क्रांति में कुंवर सिंह के योगदान का आलोचनात्मक परीक्षण कीजिये.
4.1940-41 के व्यक्तिगत सत्याग्रह में बिहार के योगदान का वर्णन कीजिये.
1.रबीन्द्रनाथ टैगोर के सामाजिक और सांस्कृतिक विचारों की महत्ता का वर्णन कीजिये.
2. 1942 के भारत छोड़ो आन्दोलन में बिहार के योगदान का वर्णन करें.
3. बिहार में संथाल विद्रोह (1855-56) के कारण एवं परिणामों का विवेचन करें.
4. पटना कलम चित्रकारी की प्रमुख विशेषताओं का विवेचना कीजिये.
1.मौर्य कला एवं स्थापत्य की प्रमुख विशेषताओं का विश्लेषण कीजिये.
2.बिहार में 1857 के विद्रोह के उद्दभव के कारणों की विवेचना करें तथा उसकी असफलता का उल्लेख करें.
3.क्या आप इस बात से सहमत हैं कि चंपारण सत्याग्रह भारत के स्वंत्रता संघर्ष के इतिहास में एक परिवर्तनीय बिंदु था?
4.अपने अध्ययन काल में बिहार में तकनीकी शिक्षा के विकास का वर्णन करें.
1. पाल कालीन स्थापत्य एवं मूर्ति कला की मुख्य विशेषताएं बताएं.
2.बिहार के जनांदोलनों में गाँधीजी की भूमिका का विश्लेषण करें.
3.आधुनिक बिहार में शिक्षा एवं प्रेस के विकास की व्याख्या कीजिये एवं स्वतंत्रा आन्दोलन में शिक्षा एवं प्रेस की भूमिका बताये.
4.बंगाल से बिहार के अलग होने एवं आधुनिक बिहार के उदय पर प्रकाश डालिए.


मुख्य परीक्षा की रणनीति
1.  कला एवं संस्कृति: इस खंड से मुख्यतः बिहार से सम्बंधित प्रश्न पूछे जाते हैं। उसमें भी मुख्य जोर पटना कलम और मौर्य कला एवं स्थापत्य पर रहता है तथा सामान्यतः वहीँ से अदल-बदलकर प्रश्न पूछे जाते हैं। बीच-बीच में पाल कला एवं स्थापत्य से भी प्रश्न पूछे जाते हैं। (56-59)वीं BPSC (मुख्य) परीक्षा में पटना कलम शैली से प्रश्न पूछे गए हैं, इसीलिए इस बार निम्न टॉपिकों से प्रश्न पूछे जाने की सम्भावना प्रबल है: मौर्य कला एवं स्थापत्य तथा पालकालीन स्थापत्य एवं मूर्ति-कला। इसके अलावा कभी भी मधुबनी पेंटिंग्स पर भी प्रश्न पूछे जा सकते हैं, इसीलिए इसे अवश्य तैयार कर लें। ट्रेंड में बदलाव की स्थिति में प्रश्नों को रिपीट भी किया जा सकता है, इसीलिए पटना-कलम शैली को तैयार करना उचित रहेगा। ऐसी स्थिति में आप एक प्रश्न के लिए निश्चिन्त रह सकते हैं। 
2.  बिहार पर औपनिवेशिक शासन का प्रभाव: इस टॉपिक के अंतर्गत बिहार पर औपनिवेशिक शासन के सामाजिक-आर्थिक और सांस्कृतिक प्रभाव, औपनिवेशक शासन के दौरान पश्चिमी शिक्षा और विशेष रूप से तकनीकी एवं वैज्ञानिक शिक्षा के विकास तथा प्रेस के विकास से सम्बंधित प्रश्न पूछे जाते हैं। इस खंड से पिछली तीन मुख्य परीक्षाओं में कोई प्रश्न नहीं पूछा गया है, इसीलिए इस खंड से इस बार प्रश्न पूछे जाने की सम्भावना प्रबल है।   
3. जनजातीय विद्रोह और 1857 का विद्रोह: सामान्यतः इस टॉपिक से पूछे जाने वाले प्रश्न बिहार एवं झारखण्ड से सम्बद्ध होते हैं। ये प्रश्न या तो संथाल विद्रोह और उसे नेतृत्व प्रदान करने वाले सिद्धो-कान्हो से सम्बंधित होंगे, या फिर मुण्डा विद्रोह और उसे नेतृत्व प्रदान करने वाले बिरसा मुण्डा से। इस खंड से कई बार प्रश्न पूछे भी जाते हैं और कई बार नहीं भी। ये प्रश्न विद्रोह के कारणों, इसकी प्रकृति और इसके नेतृत्व की भूमिका पर आधारित हो सकते हैं। चूँकि (56-59)वीं BPSC (मुख्य) परीक्षा में संथाल विद्रोह के कारण और परिणाम से सम्बंधित प्रश्न पूछे गए हैं, इसीलिए इस बार इस खंड से प्रश्न पूछे जाने की स्थिति में इस बात की पूरी संभावना है कि या तो मुण्डा विद्रोह के कारण, स्वरुप एवं परिणाम  के रूप में प्रश्न हो, या फिर बिरसा मुण्डा की भूमिका पर व्यक्तित्व आधारित प्रश्न पूछे जायें। एक संभावना यह भी बनती है कि संथाल विद्रोह में सिद्धो-कान्हो की भूमिका को लेकर प्रश्न पूछे जायें।
  जहाँ तक 1857 के विद्रोह का प्रश्न है, तो इससे भी प्रश्न पूछे जाने की बारंबारता अपेक्षाकृत अधिक है। ये प्रश्न या तो कारण, परिणाम और स्वरुप पर आधारित होते हैं; या फिर इस विद्रोह में कुँवर सिंह की भूमिका पर। इसीलिए इस विद्रोह को बिहार के विशेष सन्दर्भ में तैयार किये जाने की जरूरत है। 
  यहाँ पर इस बात को ध्यान में रखे जाने की जरूरत है कि अक्सर परीक्षार्थी इस टॉपिक पर एक ही प्रश्न तैयार करके जाते हैं और कुछ भी पूछा जाय, एक ही उत्तर लिखकर आते हैं, जबकि प्रश्न के हिसाब से उत्तर की प्रस्तुति बदल जायेगी। इसीलिए इस बात को विशेष रूप से ध्यान में रखना चाहिए कि उत्तर में जो पूछा जा रहा है, उसे लिखना अपेक्षित है; न कि आप जो जानते हैं, वो लिखा जाना। इसीलिए प्रश्न की माँग के अनुरूप उत्तर लिखने की आदत डालें।
4, आधुनिक भारत और बिहार में राष्ट्रीय आन्दोलन: इस खंड में पूछे जाने वाले प्रश्न राष्ट्रीय आन्दोलन से सम्बंधित होंगे। यद्यपि भारतीय राष्ट्रीय आन्दोलनों में बिहार से सम्बंधित आन्दोलनों, यथा: बंगाल-विभाजन, चंपारण-सत्याग्रह और भारत छोडो आन्दोलन एवं आज़ाद दस्ता से बिहार के विशेष सन्दर्भ में प्रश्न पूछे जाते हैं, तथापि इस बात की पूरी संभावना है कि राष्ट्रीय आन्दोलन से पूछे जानेवाले प्रश्नों में कहीं अधिक विविधता हो। इस आलोक में असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन और व्यक्तिगत सत्याग्रह के साथ-साथ 1940-47 के दौरान राष्ट्रीय आन्दोलन के विकास से सम्बंधित प्रश्न महत्वपूर्ण हो जाते हैं। इस टॉपिकों को, जहाँ तक संभव हो सके, बिहार के विशेष सन्दर्भ में तैयार करने की ज़रुरत है।
5.  व्यक्तित्व-आधारित प्रश्न: इसके अतिरिक्त इस खंड से गाँधी-नेहरु-टैगोर पर व्यक्तित्व-आधारित प्रश्न भी पूछे जाते हैं। पिछले वर्ष इस टॉपिक से चार वर्षों के अंतराल पर नेहरु और टैगोर से सम्बंधित दो प्रश्न पूछे गए। संभव है कि आनेवाले समय में इस टॉपिक को अधिक महत्व दिया जाय। अगर ऐसा होता है, तो जोखिम बढ़ जाएगा। इसीलिए इस सन्दर्भ में अधिक सावधान रहने की ज़रूरत है। इसके अतिरिक्त कुँवर सिंह, सिद्धो-कान्हो, बिरसा मुण्डा और जय प्रकाश नारायण से सम्बंधित प्रश्न पूछे जा सकते हैं।  
  स्रोत-सामग्री:
  सार्थक बीपीएससी स्पेशल: कुमार सर्वेश, संजय कुमार सिंह, डॉ. संजय सिंह  एवं अन्य





Friday 22 September 2017

(60-62)वीं BPSC (मुख्य) परीक्षा:ट्रेंड-विश्लेषण और रणनीति Part 2 (भारतीय राजव्यवस्था)

  भारतीय राजव्यवस्था: ट्रेंड-विश्लेषण और रणनीति (BPSC)
बिहार लोक सेवा आयोग के द्वारा आयोजित मुख्य परीक्षा में भारतीय राजव्यवस्था खंड से पूछे जाने वाले प्रश्नों और उनके रूझानों पर अगर गौर करें, तो वे सामान्यतः भारतीय संविधान एवं भारतीय राजव्यवस्था की व्यापक समझ एवं अवधारणाओं के साथ-साथ एप्लीकेशन पर आधारित होते हैं। साथ ही, इसके लिए अपडेशन की भी ज़रूरत होती है। इस खंड की तैयारी करते वक़्त इन पहलुओं के साथ-साथ इस बात को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए कि कई बार ऐसे प्रश्न बिहार के विशेष सन्दर्भ से जोड़कर पूछे जाते हैं। इसीलिए मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की तैयारी की रणनीति भी इसी के परिप्रेक्ष्य में निर्धारित होनी चाहिए।
बिहार लोक सेवा आयोग के द्वारा आयोजित मुख्य परीक्षा में भारतीय राजव्यवस्था खंड से अबतक पूछे गए प्रश्न
(56-59)th          
  BPSC
  (53-55)th          
   BPSC
  (48-52)th          
    BPSC
  47th BPSC       
    46th    
   BPSC       
1.भारतीय संविधान द्वारा प्रदत मौलिक अधिकारों का वर्णन कीजिये. किस प्रकार अनु. 21 की न्यायिक व्याख्याओं ने जीवन के अधिकार के विषय क्षेत्र का विस्तार किया है?
2.भारतीय चुनावी राजनीति में जाति की भूमिका का आकलन कीजिये. बिहार के 2015 के चुनाव को जाति की भूमिका ने किस सीमा तक प्रभावित किया?
3.भारतीय संघात्मक व्यवस्था में केंद्र और राज्यों के मध्य तनाव के क्षेत्रों का विश्लेषण कीजिये. वर्तमान समय में संघीय सरकार तथा बिहार राज्य के मध्य संबंधों का वर्णन कीजिये.
4.न्यायिक पुनरीक्षण से आपका क्या अभिप्राय है? भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रतिपादित ‘मूल ढांचे’ के सिद्धांत का आलोचनात्मक वर्णन कीजिये.
5.एक सुनिश्चित एवं संगठित स्थानीय स्तर की शासन प्रणाली के अभाव में पंचायतें एवं समीतियाँ, मुख्यत: राजनीतिक संस्थाएं बनी रहती हैं और शासन प्रणाली की उपकरण नहीं बन पाती हैं. आलोचनात्मक समीक्षा कीजिये.
1.भारतीय संघीय व्यवस्था और केंद्र-राज्य के प्रशासनिक सम्बन्ध का राष्ट्रीय आतंकवाद रोधी परिषद (NCTC) के विशेष सन्दर्भ में वर्णन कीजिये.
2.राज्यपाल की शक्ति और कार्यों तथा इनकी बिहार में भूमिका का वर्णन कीजिये.
3.भारत में निर्वाचन आयोग की शक्ति और कार्यप्रणाली एवं स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव में इनकी भूमिका का परिक्षण कीजिये.
4.विभिन्न नीति निर्देशक सिद्धांतों का वर्णन कीजिये. १९५० के बाद बिहार में इन्हें किस तरह से क्रियान्वित किया गया है?
5.1991 से बिहार के राजकीय शासन के राजकीय परिवर्तन की चर्चा करें.

1.जाति एवं वर्ग भारतीय राजनीति में महतवपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इस उक्ति की व्याख्या बिहार के सन्दर्भ में करें.
2.बिहार के सन्दर्भ में ग्राम्य स्थानीय सरकार की कार्यों की 1994 से आज तक की व्याख्या करें.
3.मिली जुली राजनीति भारतीय सन्दर्भ का प्रमुख लक्ष्ण हो गया है. परंतु यह व्यवस्था अभी तक स्थायी सरकार देने में असफल रही है. अपनी राय दें.
4.भारतीय संघीय व्यवस्था में सामयिक दिगों (Recent Trends) की व्याख्या करें. क्या राज्यों को अधिक क्षमता (Autonomy) की आवश्यकता है?
5.किन्हीं दो पर टिप्पणी लिखे-
a.   मनरेगा
b.   सार्वभौम मानव अधिकार घोषणा
c.   भारत में साम्प्रदायिकता की समस्या
1.“चुनाव लोकतंत्र की ह्रदय गति के समान है. यदि वे भुत जल्दी-जल्दी या बहुत अनियमित रूप से होते है तो लोकतंत्र का पतन हो सकता है.” भारतीय राजनीति के सन्दर्भ में मध्यावधि चुनावों पर अपने विचार अभिव्यक्त करें.
2.आरक्षण का मुद्दा राजनैतिक दलों के वोट-बैंक के दृढ़ीकरण के अतिरिक्त कुछ नही है. शोषित वर्ग को सामाजिक न्याय प्रदान करवाने के लिए आरक्षण के अतिरिक्त आप क्या उपाय सुझायेंगे?
3.टिप्पणी लिखे-
a.   पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन के  साधन RTI अधिनियम-
b.   भारतीय जीवन व संस्कृति पर मीडिया (प्रसार माध्यम) का प्रभाव
c.   भारतीय राजनीति में जातीवाद- बिहार के विशेष सन्दर्भ में.
4.ग्राम्य स्तर पर राजनैतिक चेतना एवं नारी-सशक्तिकरण पर 73वें संविधान-संशोधन के प्रभावों का बिहार के विशेष सन्दर्भ में परिक्षण कीजिये.
1.भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशन के अंतर्गत अबाध और निष्पक्ष चुनाव के संचालन में नौकरशाही की भूमिका की चर्चा करें.
2.73वें संवैधान-संशोधन अधिनियम के आधारभूत प्रावधानों का वर्णन करें.
3.चुनाव-प्रचार से आप क्या समझते है? बिहार के चुनाव प्रचार की महत्वपूर्ण पद्धतियों पर प्रकाश डालें.
4.भारतीय राजनीति में भाषा की भूमिका का विवेचन करें. बिहार में भाषाई संख्या लघुओं (Linguistic Minorities) के लिए प्रावधानों का वर्णन करें.
5.सामजिक-राजनितिक स्थिति के परिप्रेक्ष्य में बिहार में कारागृह प्रशासन पर अपना मत दीजिये
मुख्य परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण टॉपिक:
सबसे पहले भारतीय संविधान की प्रस्तावना को लिया जाय। यहाँ से सामान्य प्रकृति के यह प्रश्न पूछे जा सकते हैं कि:
a.  "भारतीय संविधान में प्रस्तावना के महत्व को रेखांकित करते हुए इसकी वैधानिक स्थिति को स्पष्ट करें।" 
लेकिन, हाल में प्रस्तावना जिस तरह से चर्चा में रही है, उसके मद्देनज़र इस प्रश्न के पूछे जाने की संभावना प्रबल है कि:
b.  " 'पंथनिरपेक्षता' और 'धर्मनिरपेक्षता' के फ़र्क़ को स्पष्ट करें। साथ ही, बयालीसवें संविधान-संशोधन के द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना में पंथनिरपेक्षता और 'समाजवाद' शब्द को शामिल करने के औचित्य के प्रश्न पर विचार करते हुए बतलाइए कि क्यों नहीं इन्हें प्रस्तावना से हटा दिया जाए?"
यहाँ से भारतीय राज्य की समाजवादी एवं धर्मनिरपेक्ष प्रकृति को आधार बनाकर भी प्रश्न पूछे जाने की संभावना बनती है। प्रस्तावना से ही सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय महत्वपूर्ण टॉपिक है जो पूरे बिहार विधानसभा-चुनाव के दौरान चर्चा में रहा था।
प्रस्तावना के बाद मौलिक अधिकार, नीति निदेशक-तत्व तथा मौलिक कर्तव्य दूसरा महत्वपूर्ण टॉपिक है जहाँ से प्रश्न की संभावना बनती है। यहाँ से सामाजिक न्याय से जुड़े हुए पहलू से प्रश्न पूछे जाने की पूरी सम्भावना है। आरक्षण और इससे सम्बद्ध पहलुओं, विशेषकर आरक्षण की समीक्षा, बिहार में महिला-सशक्तीकरण में आरक्षण की भूमिका, अल्पसंख्यकों की स्थिति, बढ़ती हुई असहिष्णुता, सोशल मीडिया की भूमिका, मान-हानि, अभिव्यक्ति की आजादी, आधार-मसला एवं निजता के अधिकार के आलोक में आधार-कानून पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय, शिक्षा का अधिकार अधिनियम और इसका बिहार में क्रियान्वयन, गोमांस-निषेध एवं गोरक्षा के नाम पर भीड़ के द्वारा हिंसा, धर्मांतरण एवं घर-वापसी, समान नागरिक संहिता(UCC), ट्रिपल तलाक और सुप्रीम कोर्ट, शराबबंदी, बिहार में नीति निदेशक-तत्वों के क्रियान्वयन की दिशा में पहल आदि टॉपिक हाल-फिलहाल चर्चा में रहे हैं जिन्हें विशेष रूप से तैयार करने की जरूरत है।
सरकार के विभिन्न अंगों में विधायिका से अध्यादेश, धन-विधेयक, संयुक्त विधेयक, विपक्षी दल की भूमिका, राज्यसभा का औचित्य और प्रासंगिकता, संसदीय गतिरोध, संसदीय सुधार, विशेष रूप से राज्यसभा-सुधर जैसे टॉपिक महत्वपूर्ण हैं। कार्यपालिका के अंतर्गत हालिया सम्पन्न राष्ट्रपति-चुनाव, प्रधानमंत्रीय शासन की संकल्पना एवं कैबिनेट-व्यवस्था तथा लाभ के पद से सम्बंधित विवाद से जोड़कर प्रश्न पूछे जा सकते हैं। जहाँ तक न्यायपालिका का प्रश्न है, न्यायाधीशों की नियुक्ति से संबंधित विवाद, कालेजियम व्यवस्था, राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्ति आयोग और इसको लेकर न्यायपालिका-विधायिका टकराव, मेमोरेंडा ऑफ़ प्रोसीड्योर(MOP), न्यायपालिका की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता, न्यायिक-सुधार, न्यायिक सक्रियता-न्यायिक अतिक्रम आदि से सम्बंधित टॉपिक महत्वपूर्ण हैं।
जहाँ तक संघ-राज्य सम्बन्ध  और संघवाद का प्रश्न है, तो यह खंड मुख्य परीक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पिछले कुछ वर्षों के दौरान केंद्र सरकार के द्वारा अनु. 356 के दुरूपयोग, दल-बदल क़ानून की विधानसभा स्पीकर के द्वारा मनमानी व्याख्या, विधानसभा स्पीकर एवं राज्यपाल के द्वारा संविधान-प्रदत्त शक्तियों का दुरूपयोग और इस सन्दर्भ में सुप्रीम कोर्ट के निर्णयों ने संघ-राज्य सम्बन्ध और संघवाद के प्रश्न को एक बार फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है। इन पहलुओं पर विचार के क्रम में इस बात को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए कि आखिर वे कौन-सी चीजें हैं जो राज्यपाल एवं स्पीकर के पद को विवादास्पद बनाती हैं और इन्हें राजनीति एवं विवाद से परे रखने के लिए क्या किया जाना चाहिए। निश्चय ही, इसका सम्बन्ध राज्यपाल की नियुक्ति, स्थानांतरण एवं बर्खास्तगी की प्रक्रिया के साथ-साथ राज्यपाल के विवेकाधिकार से जाकर जुड़ता है। इसी प्रकार सहकारी एवं प्रतिस्पर्धी संघवाद के प्रश्न पर भारत के समक्ष मौजूद राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय चुनौतियों और हाल में लागू वस्तु एवं सेवा कर(GST) के आलोक में पुनर्विचार अपेक्षित है। साथ ही, इसे आयोजनोत्तर परिदृश्य (Post-Planning Period) में नीति-आयोग एवं चौदहवें वित्त-आयोग के आलोक में भी देखा जाना चाहिए।
इसके अलावा स्थानीय संस्थाएँ एवं राजनीतिक-सामाजिक-आर्थिक समावेशन में इसकी भूमिका के साथ-साथ हाल में न्यूनतम शैक्षिक एवं स्वच्छता मानदंड के सन्दर्भ में सुप्रीम कोर्ट का निर्णय महत्वपूर्ण है। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार के हालिया निर्देशों के आलोक में राजभाषा हिन्दी के सन्दर्भ में उत्पन्न विवाद और आठवीं अनुसूची में भोजपुरी को शामिल करने को लेकर विवाद वाले पहलुओं को भी करना जरूरी है।  
जहाँ तक चुनावी-राजनीति, मतदान-आचरण और चुनाव-सुधार का प्रश्न है, तो पिछले ढ़ाई दशकों के दौरान बिहार में आनेवाले सामाजिक बदलावों में चुनावी राजनीती और इनमें आनेवाले परिवर्तनों की भूमिका, चुनावी आचार-संहिता, हालिया सम्पन्न बिहार विधानसभा-चुनाव के परिणामों का विश्लेषण; राजनीति का अपराधीकरण; भारतीय राजनीति के साथ-साथ बिहार की राजनीति में जाति एवं धर्म के साथ-साथ लिंग एवं भाषा, धनबल, सोशल मीडिया और तकनीक की भूमिका; पहचान-आधारित चुनावी-राजनीति एवं इस सन्दर्भ में सुप्रीम कोर्ट का निर्णय, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव को सुनिश्चित करने में चुनाव आयोग एवं ब्यूरोक्रेसी की भूमिका, राजनीतिक दलों में आतंरिक लोकतंत्र का प्रश्न, वंशवादी राजनीति (Dynestic Politics), चुनावी-चंदे में पारदर्शिता, लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव साथ-साथ, मुद्दों पर आधारित राजनीति बनाम् व्यक्ति-केन्द्रित राजनीति, हालिया लोकसभा एवं राज्य विधानसभा चुनावों में मतदान-आचरण के निर्धारक तत्व एवं इसके निहितार्थ, चुनाव-सुधार के सन्दर्भ में चुनाव आयोग के सुझाव(अद्यतन) आदि से संबंधित प्रश्न पूछे जाने की संभावना है। हाल में महागठबंधन के बिखराव ने गठबंधन राजनीति और जनादेश के उल्लंघन के प्रश्न को एक बार फिर से प्रासंगिक बना दिया है जिसे मुख्य परीक्षा के मद्देनज़र ध्यान में रखा जाना चाहिए।
स्रोत-सामग्री:
1.  समाचार-पत्र: जनसत्ता, प्रभात खबर, द हिन्दू, द इंडियन एक्सप्रेस आदि.
2.  पत्रिकायें: प्रतियोगिता दर्पण, फ्रंटलाइन, इंडिया टुडे
3.  सार्थक बीपीएससी स्पेशल: कुमार सर्वेश, संजय कुमार सिंह, डॉ. संजय सिंह  एवं अन्य